कार्ड स्क्रैच करो और इनाम पाओ के नाम पर भ्रम फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चमोली। थाना नन्दानगर पुलिस को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि कस्बा नन्दानगर क्षेत्र में कुछ बाहरी व्यक्ति फेरी लगाकर इलेक्ट्रॉनिक सामान बेच रहे हैं। साथ ही वे लोगों को “ईनामी स्क्रैच कार्ड” दिखाकर महंगे इनाम निकलने का लालच दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना नन्दानगर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 07 व्यक्तियों से पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान उनके पास मौजूद सामान एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन संतोषजनक उत्तर न मिलने पर सभी को थाने लाया गया। जहाँ सभी व्यक्तियों के पहचान संबंधी दस्तावेजों एवं सत्यापन की गहन जांच की गई, जिसमें सभी व्यक्ति उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त व्यक्ति बिना स्थानीय सत्यापन के क्षेत्र में घूमकर इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने एवं स्क्रैच कार्ड के माध्यम से लोगों को लालच देने का कार्य कर रहे है। थाना नन्दानगर पुलिस द्वारा सभी 07 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई करते हुए, भविष्य में बिना पुलिस सत्यापन क्षेत्र में प्रवेश न करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा भ्रामक गतिविधियों में शामिल न होने की सख्त हिदायत दी गई।
चमोली पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के फर्जी इनाम, स्क्रैच कार्ड, लॉटरी अथवा लालच देने वाली योजनाओं के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने पर दें।
1-अनुप कुमार पुत्र संजय सिंह, निवासी-सिधरा राजपुर, कानपुर, उप्र
2-रविन्द्र सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी- डडी कानपुर, उप्र
3-शिवम कुमार पुत्र राकेश सिंह निवासी- कलेनापुर, कानपुर, उप्र
4-अंकित नायक पुत्र किशन लाल निवासी- क्लेनवापुर, कानपुर, उप्र
5-शक्ति सिंह पुत्र अनिल सिंह निवासी-लवा, कानपुर, उप्र
6-सुमित नारायण पुत्र होरी लाल निवासी- कलापुर, औरैया, उप्र
7-पुष्पेन्द्र पुत्र रघुनाथ सिंह निवासी- कलापुर, औरैया, उप्र
