जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक आस्थानों की समस्याओं, उद्यमियों की आवश्यकताओं और औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पिछली बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बताया कि औद्योगिक आस्थानों में बाहरी वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग पर चालान और नियमित गश्त की कार्रवाई की जा रही है। राजकीय औद्योगिक आस्थान सिताबपुर में आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था, पुरानी देयताओं के निस्तारण और यूजर चार्ज वसूली के लिए पत्राचार किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग, नगर निगम और उद्यमियों को 15 दिनों के भीतर समाधान करने के निर्देश देते हुए कहा कि भुगतान न होने पर नियमानुसार आरसी जारी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों को बेहतर वातावरण देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने हर्बल एवं काष्ठ आधारित उद्योगों को बाजार से जोड़कर स्वरोजगार और निर्यात की संभावनाएं बढ़ाने पर जोर दिया तथा उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में सिताबपुर औद्योगिक आस्थान में नालों के बंद होने से जलभराव की समस्या पर चर्चा हुई, जिस पर उपजिलाधिकारी और नगर आयुक्त कोटद्वार को निरीक्षण कर समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम को सार्वजनिक शौचालय निर्माण हेतु शीघ्र आगणन तैयार करने को कहा गया।

रिक्त व बंद पड़े प्रोजेक्ट परिवर्तन मामलों पर विचार करते हुए डिफॉल्टर इकाइयों के मामलों पर रोक लगाने की बात कही गई। सिगड्डी औद्योगिक आस्थान की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सड़कों की मरम्मत हेतु सिडकुल और नदी चैनलाइजेशन के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्रोथ सेंटर सिडकुल के मुख्य द्वार के रखरखाव और मानपुर मार्ग पर नाले के निर्माण को लेकर संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में स्थानीय उत्पादों के लिए प्रभावी मार्केटिंग सेल बनाने का सुझाव दिया गया। जिलाधिकारी ने बायर-सेलर मीट आयोजित करने, हर्बल व काष्ठ उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग को बढ़ावा देने तथा ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ाव, गुणवत्ता सुधार और प्रचार-प्रसार के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को आत्मनिर्भर और निर्यात उन्मुख बनाने पर जोर दिया।

बैठक में उत्तराखंड उद्यम एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन अधिनियम-2012 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम नीति के अंतर्गत दावों को स्वीकृति पर भी चर्चा हुई। जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक में निर्यात कार्ययोजना पर विचार करते हुए बताया गया कि जनपद में निर्यात प्रोत्साहन डेस्क स्थापित की जाएगी, जिससे उद्यमियों को प्रशिक्षण, कार्यशाला और आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डीटीडीओ खुशाल सिंह नेगी, प्रभंधक आर.पी. आर्य, उपासना सिंह, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *