उत्तरांचल जल विद्युत निगम लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक सम्पन्न
संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून. उत्तरांचल जल विद्युत निगम लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक मुख्य सचिव/अध्यक्ष उत्तरांचल जल विद्युत निगम लिमिटेड, आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। प्रबंध निदेशक के रूप में स्थायी पदभार ग्रहण करने के उपरांत अजय कुमार सिंह ने पहली बार निदेशक मंडल की बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लि. (उपनल) के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को शासनादेश के अनुरूप “समान कार्य के लिए समान वेतन” के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। राज्य की ऊर्जा अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निदेशक मंडल ने 81 मेगावाट क्षमता की आराकोट-त्यूणी जलविद्युत परियोजना तथा 600 मेगावाट क्षमता की इच्छाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना से संबंधित प्रथम चरण की सभी आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के Shear Zone उपचार से जुड़े अतिरिक्त कार्यों हेतु वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। साथ ही उत्तराखण्ड सिंचाई विभाग से हस्तांतरित सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजना की सभी आवश्यक औपचारिक स्वीकृतियां संबंधित विभागों से शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निदेशक मंडल ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (Central Industrial Security Force, सीआईएसएफ) की तैनाती के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। इस अवसर पर प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, स्वतंत्र निदेशक श्री इंदू कुमार पाण्डे, श्री बी.पी. पांडे, श्री पराग गुप्ता, अपर सचिव वित्त श्री गंगा प्रसाद, निदेशक (परियोजनाएं) श्री सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक श्री सुधाकर बडोनी, श्री राजीव अग्रवाल, श्री आशीष जैन, श्री जी.एस. बुदियाल तथा उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
