एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश में भारतीय चुनाव आयोग के नुमाइंदे अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रदेश के किसी वैध मतदाता का नाम मतदान सूची से काटा गया तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और प्रदेश में कार्यरत चुनाव आयोग अधिकारियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से घेराव प्रदर्शन व अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाएगी यह ऐलान आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सदस्य एआईसीसी व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय समाचार पत्र के खोजी पत्रकार ने जिस प्रकार से चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तानाशाही व एक चित्र राज पर रिपोर्ट प्रकाशित की है वह लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी के उन आरोपों की पुष्टि करता है जिसमें श्री राहुल गांधी लगातार पिछले वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली  चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त व चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। श्री धस्माना ने कहा कि इस खुलासे से अब यह साबित हो गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त केंद्र सरकार की कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं व देश में लोकतंत्र को लगातार खत्म करने के आरएसएस व भाजपा के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। श्री धस्माना ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनावों में जिस तरह भाजपा को जिताने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ने सताइस लाख वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाए वो अपने आप में लोकतंत्र की हत्या करने का एक बड़ा षडयंत्र साबित हुआ क्योंकि इनमें से अधिकतर मतदाताओं के नाम चुनाव बाद ट्रिब्यूनल के फैसले से वापस जुड़ गए। श्री धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस ने अनेक अवसरों पर प्रमाणों सहित एसआईआर में हो रही गड़बड़ियों व अनियमिताओं के बारे में राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी श्री बी आर बी पुरुषोत्तम को शिकायतें करी किन्तु ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उनके ऊपर भी भाजपा सरकार व पार्टी अनुचित दबाव बना कर कांग्रेस के परंपरागत समर्थक वोटरों के वोट काट रही है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री धस्माना ने मंगलवार को उधमसिंह नगर के किच्छा में प्रदेश के पूर्व मंत्री व किच्छा विधायक श्री तिलक राज बेहड़ पर भाजपा के पूर्व विधायक के नेतृत्व में भाजपा से जुड़े अराजक व आपराधिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह भाजपा का उत्तराखंड को बिहार व यूपी की तर्ज पर जंगल राज प्रदेश बनाने की ओर एक घृणित कदम है जिसे कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि का किच्छा नगर निकाय  चुनाव में अपनी संभावित हार को देखते हुए भाजपा ने बौखलाहट में यह कुकृत्य करवाया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *