विद्यार्थियों को सिखाए शतरंज के महत्वपूर्ण स्टेप्स

एस.के.एम. न्यूज सर्विस

फरीदाबाद। गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा, फरीदाबाद की जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मंचन्दा के मार्गदर्शन में विद्यालय में शनिवार दिनांक 5 जुलाई 2025 को विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के उद्देश्य से शतरंज गतिविधि का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एससीईआरटी हरियाणा एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक बघेल जी के आदेशानुसार संपन्न हुआ। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, तर्क शक्ति, धैर्य, निर्णय क्षमता और रणनीतिक सोच को विकसित करना था, ताकि वे पढ़ाई के साथ साथ मानसिक विकास की दिशा में भी आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में अध्यापिका दीपांजली शर्मा PGT, शारीरिक शिक्षा ने विद्यार्थियों को शतरंज के खेल का इतिहास, बोर्ड की बुनियादी संरचना, मोहरों की चाल, विशेष चालें जैसे कास्टलिंग और पॉन प्रमोशन आदि का विस्तार से अभ्यास कराया। बच्चों ने शतरंज की बारीकियों को बड़े उत्साह से सीखा और एक दूसरे के साथ खेलकर रणनीति बनाना सीखा। इस अवसर पर शतरंज से जुड़ी बौद्धिक पहेलियों के माध्यम से विद्यार्थियों की सोचने और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता को भी विकसित किया गया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि शतरंज केवल खेल नहीं बल्कि जीवन में धैर्य, दूरदर्शिता और सटीक निर्णय लेने का अभ्यास है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे शतरंज के माध्यम से अपनी एकाग्रता और तर्क शक्ति को मजबूत करें और इसे पढ़ाई में भी लागू करें। उन्होंने शिक्षा विभाग हरियाणा और एससीईआरटी हरियाणा का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों को स्कूलों में लागू कर विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने की पहल करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। प्राचार्य मनचंदा ने महत्वपूर्ण संयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता दीपांजलि शर्मा एवं विद्यार्थियों का भी विशेष आभार व्यक्त किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *