विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद मुख्यालय में समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने हेतु सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करना था। बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट एवं अपात्र मतदाताओं के नामों को हटाकर निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में शुद्ध मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों एवं जनसामान्य का सहयोग आवश्यक है। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता विवरणों का सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र नागरिकों को जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने आगे बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके उपरांत 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में नागरिक अपने नाम, पते, आयु अथवा अन्य विवरणों में संशोधन संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा भी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने हेतु अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए। बैठक में भाजपा प्रतिनिधि मातवर सिंह राणा, कांग्रेस के हरीश गुसांई, आम आदमी पार्टी के जोत सिंह बिष्ट सहित मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, उदयवीर सिंह बर्त्वाल, नितिन थापा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *