पौराणिक राहु मंदिर को ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप भव्य स्वरूप देने के प्रयास तेज

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। जनपद के पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को उसकी धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप भव्य स्वरूप देने के प्रयास तेज हो गए हैं। मंदिर परिसर में अव्यवस्थित संरचनाओं को हटाकर सुव्यवस्थित प्रांगण विकसित किया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर को पारंपरिक पौराणिक वास्तुशैली में विकसित कर प्रमुख धार्मिक तीर्थाटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आज मंदिर परिसर का पुनः निरीक्षण कर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मंदिर की पौराणिक पहचान, पारंपरिक वास्तुशैली और धार्मिक गरिमा को ध्यान में रखकर इसका समग्र विकास किया जाए।

जिलाधिकारी ने नवनिर्मित कक्षों पर प्रतीक्षालय, पूजा हॉल आदि की नाम पट्टिकाएं लगाने, प्रथम तल के पूजा कक्ष को व्यवस्थित करने, भवन के पीछे पत्थर लगाने, वाटर प्यूरीफायर स्थापित करने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रवेश द्वार को भव्य बनाने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण, भवन की फिनिशिंग बेहतर करने तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों पर साइनेज और व्यू कटर लगाने को कहा। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण को आकर्षक बनाने के लिए इनबिल्ट साउंड सिस्टम युक्त डेकोरेटिव पोल स्थापित किए जाएंगे, जिनसे धार्मिक संगीत एवं भजन प्रसारित होंगे।

उन्होंने मुख्य मंदिर एवं परिसर स्थित अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने तथा पुरातत्व विभाग के माध्यम से विशेष रासायनिक प्रक्रिया से उनकी सफाई कराने के निर्देश भी दिए। विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित करने, घाट निर्माण, मंदिर तक पहुंचने वाले पुल में सुरक्षा जाली लगाने, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने के कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही मंदिर के पीछे किचन-कम-स्टोर निर्माण सहित अन्य सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। मंदिर समिति के सुझावों पर सहमति जताते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों को श्रद्धालुओं की सुविधा और समिति की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने की बात कही।

जिलाधिकारी ने मंदिर में धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए पुजारियों का पंजीकरण कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि राहु मंदिर का व्यवस्थित विकास पैठाणी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करेगा। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और व्यापार संघ के सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है।

इस दौरान ग्रामीणों एवं व्यापार संघ के सदस्यों ने पैठाणी बाजार में शौचालय और डंपिंग जोन विकसित करने का सुझाव रखा। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण पर सहमति जताते हुए उसके नियमित संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित मंदिर समिति, व्यापार सभा के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *