527423 मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
अल्मोड़ा। जनपद में निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा उनके द्वारा नामित मतदान केंद्र स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए-1) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद के सभी 5,27,423 मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। अब तक 4,71,831 गणना प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटलीकरण पूर्ण हो चुका है, जो कुल का 89.46 प्रतिशत है। शेष 55,592 असंग्रहणीय गणना प्रपत्रों में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं के प्रकरण शामिल हैं।
बैठक के दौरान विधानसभावार अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। उनसे अनुरोध किया गया कि वे इन सूचियों का अपने स्तर पर सत्यापन कर आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। सभी संबंधित अधिकारियों को भी अभियान के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी भरत रावत, बिभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला, दिनेश पिल्खवाल उपस्थित रहे।
