August 22, 2026

409 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पदों के निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 07 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड द्वारा जारी अधिसूचना के क्रम में जनपद देहरादून की समस्त 409 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई, 2026 को ही नाम निर्देशन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान तथा मतगणना की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयानुसार संपन्न होंगी।

नाम निर्देशन पत्र जमा करने का समय : प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक।

नाम निर्देशन पत्रों की जांच : प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।

नाम वापसी : दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक।

निर्वाचन चिन्ह आवंटन : अपराह्न 12:30 बजे से 1:00 बजे तक।

मतदान : अपराह्न 1:30 बजे से 3:30 बजे तक।

मतगणना : अपराह्न 4:00 बजे से कार्य समाप्ति तक।

उपप्रधान पद के निर्वाचन से संबंधित समस्त कार्यवाही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर संपन्न होगी। निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत की बैठक पंचायत भवन अथवा पंचायत क्षेत्र स्थित विद्यालय भवन या अन्य सार्वजनिक स्थल पर आयोजित की जाएगी। किसी निजी आवास पर बैठक आयोजित नहीं की जाएगी।

नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 08 जुलाई से 14 जुलाई, 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। जबकि 15 जुलाई को प्रातः 8:00 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थान पर नाम निर्देशन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। ग्राम पंचायतों के सूचना पट्टों पर कार्यक्रम चस्पा कराने के साथ ही ग्राम सभा में मुनादी के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि अधिकाधिक जनसामान्य को निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त हो सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Don't Miss

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *