वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सकारात्मक संवाद को बताया सुशासन एवं जनहित के लिए महत्वपूर्ण

एस. के.एम न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी देवेन्द्र पींचा द्वारा जनपद के पत्रकार बंधुओं के साथ परिचयात्मक बैठक एवं वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त कर जनपद की कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। वार्ता के दौरान एसएसपी महोदय ने कहा कि पुलिस एवं पत्रकारिता दोनों ही समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं।  बैठक के दौरान एसएसपी महोदय ने जनपद में अपराध नियंत्रण एवं पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।

नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार: नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए नशा तस्करों की सप्लाई चेन को पूर्णतः ध्वस्त करना तथा नशे की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन एवं वितरण से जुड़ी प्रत्येक कड़ी पर कठोर वैधानिक कार्यवाही करना प्राथमिकता रहेगी।

यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा: जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं जाम की समस्या से निपटने के लिए बेहतर यातायात प्लान तैयार किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित चेकिंग एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश: वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीर चुनौती बताते हुए एसएसपी महोदय ने साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने पर जोर दिया।

महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता: महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं जनता में सुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। पुलिस एवं मीडिया के मध्य बेहतर समन्वय, पारस्परिक विश्वास एवं नियमित संवाद स्थापित होने से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने, आमजन तक सही एवं तथ्यपरक सूचनाएं पहुंचाने तथा जनसुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। पत्रकार बंधुओं से पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु रचनात्मक सुझाव एवं सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की। साथ ही आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस द्वारा मीडिया के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक संबंध बनाए रखते हुए जनहित से जुड़े विषयों पर आवश्यक सूचनाओं का समयबद्ध एवं तथ्यपरक आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *